Trending

सफलता के साधन | Success Recipe by Brian Tracy Book Summary in Hindi

Safalta Ke Sadhan | Success Recipe by Brian Tracy Book Summary in Hindi

Safalta Ke Sadhan | Success Recipe by Brian Tracy Book Summary in Hindi
सफलता के साधन | Success Recipe by Brian Tracy Book Summary in Hindi

        💕Hello Friends,आपका स्वागत है www.learningforlife.cc में। यह book उन महत्त्वाकांक्षी पुरुषों और महिलाओं के लिए लिखी गई है, जो कम से कम समय में ज़्यादा से ज़्यादा चीज़ें हासिल करने के बारे में गंभीर हैं। हर इंसान में अपने जीवन में कुछ अद्भुत करने की योग्यता है। हममें से हर व्यक्ति का सर्वोच्च लक्ष्य यही है कि हम संसार में किसी तरह का फ़र्क़ डालें। जब हमारे किसी काम से दूसरों का जीवन बेहतर बनता है या समृद्ध होता है, तभी हम सचमुच मानवीय और जीवंत महसूस करते हैं। शायद आपको जो सबसे अद्भुत अनुभव हो सकता है, वह यह अहसास है कि आप अपने ख़ुद के और अपने भविष्य के पूरे नियंत्रण में हैं। इस पोस्ट में "सफलता के साधन" by Brian Tracy book से 12 तरीक़े दिए जा रहे जो आपको मनचाहे लक्ष्य तक ले जाएँगे। तो पढ़ते रहिए..........

1. अपने सभी लक्ष्य निर्धारित और हासिल करें

        लक्ष्य तय करने की सात कुंजियाँ हैं। ये सामान्य सिद्धांत लगभग हर लक्ष्य पर लागू होते हैं। जब आप किसी ऐसे व्यक्ति को देखें, जो अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर रहा है, तो यह समझ लें कि वह इन सात मुख्य क्षेत्रों में से किसी एक में कमज़ोर है।
  1. लक्ष्य स्पष्ट, विशिष्ट, विस्तृत और लिखित होने चाहिए।
  2. लक्ष्यों को नापने योग्य और वस्तुनिष्ठ होना चाहिए।
  3. लक्ष्यों के साथ समयसीमा होनी चाहिए, यानी लक्ष्य में timetable, डेडलाइन और उप-डेडलाइन का उल्लेख होना चाहिए।
  4. आपके लक्ष्य चुनौतीपूर्ण होने चाहिए।
  5. आपके लक्ष्य आपके मूल्यों के सामंजस्य में होने चाहिए और एक-दूसरे के साथ भी सामंजस्य में होने चाहिए।
  6. आपके लक्ष्य संतुलित होने चाहिए - आपका करियर या कारोबार, आपका वित्तीय जीवन, आपका परिवार, आपका स्वास्थ्य, आपका आध्यात्मिक जीवन और आपकी सामुदायिक संलग्नता।
  7. आपके पास अपने जीवन के लिए एक बड़ा निश्चित उद्देश्य होना चाहिए।
यहाँ बारह क़दमों की लक्ष्य निर्धारण प्रक्रिया बताई जा रही है, जो दस लाख से ज़्यादा लोगों को सिखाई जा चुकी है।
  1. इच्छा; अपने ख़ास लक्ष्य को पाने की गहरी, धधकती हुई इच्छा।
  2. विश्वास। आपको अपने दिल की गहराई में पूरा विश्वास होना चाहिए कि आप लक्ष्य के हक़दार हैं और उसे हासिल करने में सक्षम हैं।
  3. आप इसे लिख लें। जो लक्ष्य लिखा नहीं जाता है, वह लक्ष्य ही नहीं होता है।
  4. अपने मुख्य लक्ष्य या लक्ष्यों को हासिल करने से पहले अपने शुरुआती बिंदु का विश्लेषण करें। आप इस वक़्त कहाँ हैं? यदि आप निश्चित दौलत हासिल करना चाहते हैं, तो एक व्यक्तिगत वित्तीय स्टेटमेंट बनाएँ और पता लगाएँ कि आज आपके पास कितनी दौलत है।
  5. आप यह निर्णय लें कि आप उस ख़ास लक्ष्य को क्यों पाना चाहते हैं?
  6. आप अपने लक्ष्य की डेडलाइन तय कर लें।
  7. आपके और आपके लक्ष्य के बीच कौन सी बाधाएँ खड़ी हैं।
  8. आप यह पता लगाएँ कि अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए आपको किस ज्ञान, जानकारी और अतिरिक्त योग्यताओं की ज़रूरत पड़ेगी।
  9. लक्ष्य हासिल करने के लिए आपको किन लोगों के सहयोग और सहायता की ज़रूरत होगी।
  10. आप अपने लक्ष्य को हासिल करने की एक योजना बना लें।
  11. आप हर दिन अपने लक्ष्य का मानसिक चित्र इस तरह देखें, जैसे वह पहले ही हासिल हो चुका हो।
  12. हर काम के पीछे लगन और संकल्प का संबल देना है।
☝ इस topic को detail में समझे - Read or Watch

2. जीवन में अपना सच्चा लक्ष्य खोजें

        अपनी जीवन यात्रा में आप कभी ख़ुद से जो सबसे महत्त्वपूर्ण प्रश्न पूछ सकते हैं, वे ये हैं: “मैं यहाँ क्यों आया हूँ?” “मैं जीवन में सचमुच, सचमुच क्या चाहता हूँ?” “मैं कहाँ जा रहा हूँ?” और “अगर मैं अपने सारे लक्ष्य हासिल कर लूँ, तो मेरी ज़िंदगी कैसी दिखेगी?”

        सबसे सफल और सुखी लोग वही होते हैं, जो ज़्यादातर समय यह सोचने में लगाते हैं कि वे सचमुच कौन हैं और वे सचमुच क्या चाहते हैं। वे अपने सच्चे लक्ष्यों और इच्छाओं की रोशनी में लगातार अपनी प्रगति का आकलन और मूल्यांकन करते हैं। वे यह सुनिश्चित करते हैं कि सफलता की सीढ़ी पर चढ़ते समय यह सही इमारत से टिकी रहे।

रैफ़ वाल्डो इमर्सन ने लिखा था, “इंसान वही बन जाता है, जिसके बारे में वह दिन भर सोचता है।”

3. विजेता की तरह सोचें

        एक सेमिनार में एक युवा महिला से पूछा गया, “अगर आपको यह पता हो कि आप असफल नहीं हो सकतीं, तो वह कौन सी एक बड़ी चीज़ है, जिसका सपना देखने की आप हिम्मत करेंगी?” उसने लिखा कि तब तक इस सवाल पर विचार करने की उसने कभी हिम्मत नहीं की थी, लेकिन अब यह हालत है कि वह किसी दूसरी चीज़ के बारे में नहीं सोचती है। स्पष्टता की भारी कौंध के साथ उसे अहसास हुआ कि उसे उसकी आशाओं और सपनों से दूर रखने वाली मुख्य बाधा यही थी कि उसे उन्हें हासिल करने की अपनी योग्यता पर शक था।

        हममें से कई लोग बहुत सारी चीज़ें बनना और करना चाहते हैं, लेकिन हम ख़ुद को पीछे रोके रखते हैं। हम इसलिए झिझकते हैं, क्योंकि हममें अपने सपनों की दिशा में आगे क़दम बढ़ाने का आत्मविश्वास नहीं होता है।

        इस तरह काम करें, मानो असफल होना असंभव हो। इस तरह काम करें, मानो आपमें आत्मविश्वास का अटल स्तर पहले से ही है। लगातार ख़ुद से पूछते रहें, “अगर मुझे पता हो कि मैं असफल नहीं हो सकता, तो वह कौन सी एक बड़ी चीज़ है, जिसका सपना देखने की मैं हिम्मत करूँगा?” आपका जवाब जो भी हो, अगर आप उसके सपने देख सकते हैं और अगर आपमें इसे हासिल करने का आत्मविश्वास है, तो आपको वह चीज़ मिल सकती है।

4. अपने जीवन की बागडोर थामें

        क्या आप कभी यह सोचने के लिए रुके हैं कि आप जो भी हैं या जो भी कभी होंगे, उसका दारोमदार पूरी तरह से आप पर है? ज़रा कल्पना करें! आप जहाँ हैं और जो हैं, वह आप खुद की वजह से हैं। आपके जीवन में जो भी चीज़ मौजूद है, वह आपकी, आपके व्यवहार, आपके शब्दों और आपके कामों की वजह से मौजूद है। आपके पास चुनने की स्वतंत्रता है और चूँकि आपने ख़ुद अपने जीवन की परिस्थितियों को चुना है, इसलिए आप ही अपनी सफलता और असफलता, अपनी ख़ुशी और दुख, अपने वर्तमान और भविष्य के लिए पूरी तरह से ज़िम्मेदार हैं।

5. अपनी शक्तियों को सामने लाएँ

        क्या आप कभी इस बात पर हैरान हुए हैं कि कई लोग अपने चुने हुए क्षेत्र में दूसरों की तुलना में बेहतर होते हैं और ज़्यादा पैसा कमाते हैं? आपने 80/20 नियम के बारे में सुना है, जो बताता है कि 80 प्रतिशत बिक्री 20 प्रतिशत सेल्सपीपुल करते हैं। इसका मतलब है कि 20 प्रतिशत सेल्सपीपुल 80 प्रतिशत कमीशन भी कमाते हैं। हर उद्योग में 20 प्रतिशत लोग 80 प्रतिशत संपत्ति के मालिक बनते हैं। चूँकि हर व्यक्ति काफ़ी हद तक एक जैसी स्थिति से शुरुआत करता है, इसलिए ऐसा क्यों है कि कुछ लोग बहुसंख्यक लोगों से इतने ज़्यादा आगे निकलने में कामयाब हो जाते हैं?

        सफलता के क्षेत्र में शायद सबसे रोमांचक खोज यह अहसास है कि आप जो चाहते हैं, वह बनने, पाने और करने के लिए जिस भी चीज़ की ज़रूरत है, वह हर चीज़ आपके भीतर है। आपके पास भारी गुण, योग्यताएँ और क़ाबिलियत हैं, जो निखारे जाने का इंतज़ार कर रही हैं, जिस तरह ज़मीन के नीचे पड़ा तेल का भंडार सतह तक लाए जाने का इंतज़ार कर रहा है। आप अपनी भूमि पर कुआँ खोदने के लिए जिस उपकरण का इस्तेमाल करते हैं, वह अपनी ख़ुद की शक्तियों का दोहन करने का निर्णय है। अपनी क्षमता को मुक्त करने की कुंजी यह है कि आप अपने भीतर झाँकें और तय करें कि आप किस चीज़ को करने के लिए आदर्श रूप से उपयुक्त हैं। फिर उसे उत्कृष्ट अंदाज़ में करने में अपना पूरा दिल झोंक दें। जब आप ऐसा करते हैं, तो आपके लिए हर चीज़ संभव हो जाती है।

6. सफलता के लिए ख़ुद को सही स्थिति में लाएँ

        भले ही भविष्य लगातार ज़्यादा अनिश्चित होता जा रहा है, जिसकी भविष्यवाणी नहीं की जा सकती, लेकिन आपको आने वाले कल के लिए ख़ुद को सही स्थिति में लाना चाहिए। आपको न सिर्फ़ लगातार और गंभीरता से अपने वर्तमान काम और अपनी कमाने की योग्यता के बारे में सोचना चाहिए, बल्कि उस काम के बारे में भी सोचना चाहिए, जो आप एक, तीन और पाँच साल बाद कर रहे होंगे। चाहे जो हो, आपको वित्तीय सुरक्षा हासिल करने के लिए लक्ष्य व योजनाएँ तैयार करनी चाहिए।

        लॉर्ड मैनर्ड कीन्स ने एक बार कहा था कि आपको भविष्य के बारे में काफ़ी सोचना चाहिए, क्योंकि वहीं आप अपना बाक़ी का जीवन बिताने वाले हैं। लोग एक भारी ग़लती करते हैं, जिसके बहुत बुरे दीर्घकालीन परिणाम होते हैं। वह ग़लती यह है कि वे सिर्फ़ वर्तमान के बारे में ही सोचते हैं और इस बात पर बहुत कम विचार करते हैं कि आने वाले महीनों और वर्षों में क्या हो सकता है।

        आपकी भावी ख़ुशी, सुरक्षा, आनंद, संतुष्टि और व्यक्तिगत संतोष के संदर्भ में भविष्य के बारे में सोचने का कोई दूसरा क्षेत्र इतना महत्त्वपूर्ण नहीं है, जितना यह कि आप मध्यम और दीर्घकालीन भविष्य में आजीविका कैसे कमाएँगे।

7. आर्थिक दृष्टि से स्वतंत्र बनें

        वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनना जीवन में आपका एक बड़ा लक्ष्य है। आपको इतना स्वतंत्र बन जाना चाहिए कि आपको पैसे के बारे में दोबारा कभी चिंता न करनी पड़े। सौभाग्य से आज हम एक ऐसे युग में रह रहे हैं, जो समूचे मानव इतिहास का महानतम युग है।

        व्यक्तिगत हों या वित्तीय, आपके पास जितने ज़्यादा लक्ष्यों तक पहुँचने के अवसर आज मौजूद हैं, उतने कभी मौजूद नहीं रहे। एक लाख से ज़्यादा अलग-अलग नौकरी की श्रेणियाँ या अवसर के क्षेत्र हैं। सूचना, प्रौद्योगिकी और प्रतिस्पर्धा में होने वाले विस्फोट के चलते आप सफल बनने के लिए जो चीज़ें कर सकते हैं, उनकी संख्या हर साल बढ़ती जा रही है।

        सबसे अच्छी ख़बर यह है कि आप जीवन में क्या कर सकते हैं, बन सकते हैं या पा सकते हैं, इसकी कोई सीमा नहीं है। सिर्फ़ वही सीमाएँ हैं, जो आप अपनी ख़ुद की कल्पना पर लगाते हैं। आप संसार में किसी दूसरे जितने ही अच्छे, चतुर और सक्षम हैं। किसी दूसरे ने जो भी किया है, उसे आप भी कर सकते हैं। आज अलग-अलग क्षेत्रों में इतने सारे लोग सफल हो रहे हैं, यह तथ्य इस बात का प्रमाण है कि आप जिस भी काम में ख़ुद को समर्पित कर देते हैं, उसमें भारी सफलता पा सकते हैं।

        वित्तीय संग्रह और वित्तीय स्वतंत्रता के स्पष्ट, विशिष्ट, लिखित लक्ष्य बनाकर और फिर उन्हें हासिल करने की योजना बनाकर आप देवदूतों के समूह में पहुँच जाएँगे। जब आप एक तरफ़ यह संकल्प लेते हैं कि आप अपने काम में बेहतर बनेंगे और दूसरी तरफ़ यह निर्णय लेते हैं कि आप अपनी आमदनी का ज़्यादा से ज़्यादा हिस्सा बचाएँगे, तो आपके वित्तीय भविष्य की लगभग गारंटी हो जाती है। आप वित्तीय दृष्टि से स्वतंत्र बनने के राजमार्ग पर पहुँच जाते हैं और आने वाले समय में स्व-निर्मित करोड़पति भी बन सकते हैं। आपको अपने सिवा कोई दूसरी चीज़ नहीं रोक सकती।

8. अपना ख़ुद का व्यवसाय शुरू करें

        आपके वित्तीय और भौतिक लक्ष्य सिर्फ़ तभी हासिल हो सकते हैं, जब आप ख़ुद के लिए और अपनी कंपनी के लिए पर्याप्त मूल्य का सृजन करें और फिर उस मूल्य का कुछ हिस्सा अपने लिए अलग रखें। आपके लक्ष्य चाहे जो हों, उन्हें हासिल करने के लिए आपको या तो किसी दूसरे के व्यवसाय में काम करना होगा, या फिर अपना ख़ुद का व्यवसाय शुरू करना और बनाना होगा। चाहे इनमें से जो भी मामला हो, आप इस बारे में जितना ज़्यादा जान लेते हैं कि कोई व्यवसाय कैसे शुरू होता और बढ़ता है, आप अपने काम में उतनी ही तेज़ी से सफल होंगे।

        आप लाखों उद्यमियों के ज्ञान और अनुभव की पीठ पर सवारी कर सकते हैं, जो अपने सर्वश्रेष्ठ विचार और ज्ञान को पुस्तकों, ऑडियो प्रोग्राम और सेमिनारों में प्रदान करते हैं। दूसरों ने आपसे पहले जो किया है, वही करके आप सबसे सफल व्यवसायियों में से एक बन सकते हैं। आपने अपनी कल्पना पर जो सीमाएँ लगाई हैं, उनके अलावा कोई सीमाएँ नहीं हैं।

9. प्रभावित करने की कला

        आप जो भी लक्ष्य हासिल करते हैं, उसमें दूसरे लोग अवश्य शामिल होंगे। आपके लिए जो भी संभव है, यदि आप वह सब हासिल करना चाहते हैं, तो आपको दूसरे लोगों से मोल-भाव करने, उन्हें राज़ी करने और प्रभावित करने में उत्कृष्ट बन जाना चाहिए। सौभाग्य से, ये ऐसी योग्यताएँ हैं, जिन्हें आप अपनी कल्पना से ज़्यादा तेज़ी से सीख सकते हैं।

        याद रखें: लोग ही सबसे महत्त्वपूर्ण हैं। सारी उत्पादकता लोगों की होती है। हमारी लगभग सारी ख़ुशी और नाख़ुशी दूसरों के साथ हमारे संपर्क का परिणाम होती है। इसी समय संबंध विशेषज्ञ बनने और अपने कामकाजी जीवन में महत्त्वपूर्ण लोगों के साथ अद्भुत तरीक़े से मिल-जुलकर चलने का निर्णय लें। इसका आपकी आमदनी, करियर और भावी संभावनाओं पर आश्चर्यजनक प्रभाव हो सकता है।

10. दूसरों को राज़ी करने की रणनीतियाँ

        जीवन में आप या तो अपने लक्ष्य ख़ुद के दम पर हासिल करते हैं या फिर आप अपनी मदद करने के लिए दूसरों को राज़ी कर सकते हैं। यह काम अकेले करने की कोशिश करेंगे, तो शायद आपकी पूरी ज़िंदगी गुज़र जाएगी और इसके बावजूद आपको सीमित परिणाम ही मिलेंगे। अपनी मदद करने और अपने साथ सहयोग के लिए दूसरों को राज़ी करके आप बरसों की कड़ी मेहनत से बच सकते हैं। राज़ी करने की शक्ति से ही फ़र्क़ पड़ता है।

        राज़ी करने की शक्ति की बदौलत आपके ग्राहक, अधिकारी, सहकर्मी, साथी और मित्र आपका समर्थन व सम्मान करेंगे। आप दूसरों से जो कराना चाहते हैं, उनमें उसे करने की इच्छा जगाने के लिए दूसरों को राज़ी करने की जो योग्यता आपके पास है, वह आपको अपने व्यवसाय तथा समुदाय में सबसे महत्त्वपूर्ण व्यक्तियों में से एक बना सकती है।

        आज ही, इसी मिनट यह निर्णय लें कि आप अपने समुदाय के सबसे मशहूर और सम्मानित लोगों में से एक बनने जा रहे हैं। एक लक्ष्य बनाएँ, एक योजना बनाएँ और शुरू हो जाएँ। हो सकता है कि इसमें आपको तीन या चार या पाँच साल लग जाएँ, लेकिन आपको पता चल पाए, इससे पहले ही आप अपने क्षेत्र के सबसे प्रभावी लोगों में से एक बनने की राह पर होंगे।

11. आप जो करते है, उसमें बेहतर बनें

        आज हम सूचना युग में रह रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था में ज्ञान और विचार मूल्य के मुख्य स्रोत हैं, जिसके साथ उन्हें तेज़ी से और प्रभावी ढंग से कर्म में बदलने की क़ाबिलियत शामिल है।

        औद्योगिक युग से सेवा युग से सूचना युग तक की गतिविधि इतनी तीव्र रही है कि ज़्यादातर लोग इसके साथ-साथ नहीं चल पाए हैं। हमारा शिक्षा तंत्र अब भी विद्यार्थियों को ऐसी नौकरियों के लिए तैयार कर रहा है, जो तुलनात्मक रूप से अकुशल नौकरियाँ हैं और जिनमें सीमित शिक्षा की ज़रूरत है। लेकिन ये नौकरियाँ ज़्यादातर जा चुकी हैं।

        आज नियम यह है, “आप जितना ज़्यादा सीखते हैं, आप उतना ही ज़्यादा कमाते हैं।” भविष्य उन मुट्ठी भर स्त्री-पुरुषों का है, जो अपने ज्ञान और योग्यताओं का लगातार नवीनीकरण करते रहते हैं। वे ख़ुद को उन नए अवसरों का लाभ लेने के लिए लगातार तैयार करते हैं, जो हर दिन उत्पन्न हो रहे हैं।

12. कभी हार न मानें

        आप जीवन में संभवतः जिस सबसे बड़ी चुनौती का सामना करते हैं, वह है डर पर विजय पाना और साहस का विकास करना। विन्स्टन चर्चिल ने एक बार लिखा था, “साहस को सभी गुणों में प्रमुख कहा गया है और यह सही है, क्योंकि बाक़ी सभी गुण इस पर निर्भर होते हैं।” डर मानव जाति का सबसे बड़ा शत्रु है और हमेशा से रहा है।

        हर चीज़ के बावजूद जुटे रहने, सहन करने की शक्ति - यही विजेता का गुण है। लगन हार माने बिना बार-बार पराजय का सामना करने की योग्यता है - भारी मुश्किलों के सामने लगे रहने की योग्यता है।

        एक अज्ञात लेखक की कविता है, जो मेरे ख़याल से हर व्यक्ति को पढ़नी चाहिए और याद करनी चाहिए और ख़ुद के सामने दोहरानी चाहिए, जब भी हौसला छोड़ने या कोशिश छोड़ने का प्रलोभन हो। इस कविता का शीर्षक है “कभी हार मत मानो।”

कभी हार मत मानो

जब स्थितियाँ विपरीत हों, जैसी कि वे कई बार होंगी।

जिस राह पर आप चल रहे हैं, जब वह चढ़ाई जैसी दिखे।

जब पैसे कम हों और क़र्ज़ ज़्यादा हों।

जब आप मुस्कराना चाहते हों, लेकिन आप परेशान हों।

जब चिंता आपको थोड़ा सता रही हो।

अगर ज़रूरी हो, तो आराम करो, लेकिन कभी हर मत मानो।

जीवन विचित्र है, इसमें घुमाव और मोड़ हैं।

जैसा हममें से हर एक यह बात सीखता है।

और कई असफल इंसान बाद में समझते हैं

कि वे जीत सकते थे, बशर्ते वे जुटे रहते:

हार न मानें, भले ही गति धीमी हो -

आप एक और कोशिश से सफल हो सकते हैं।

सफलता तो असफलता का ही दूसरा रूप है -

शंका के बादलों की सुनहरी लकीर है।

और आप कभी नहीं जान सकते कि आप कितने क़रीब हैं।

जब मंज़िल बहुत दूर दिखती है, तो यह पास हो सकती है:

इसलिए संघर्ष में डटे रहें, जब मुसीबत सबसे अधिक हो -

जब परिस्थितियाँ सबसे बुरी नज़र आ रही हों, तब आप हार नहीं मानें।

👆 यह Summary है "सफलता के साधन | Success Recipe" by Brian Tracy Book की, यदि Detail में पढ़ना चाहते है तो इस Book को यहां से खरीद सकते है 👇

Post a Comment

Previous Post Next Post